बोकारो : समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं’ (लोक संवाद) कार्यक्रम एक बार फिर यह साबित कर गया कि संवेदनशील प्रशासन केवल फाइलों तक सीमित नहीं होता, बल्कि लोगों की जिंदगी में खुशियां भी लौटाता है। कार्यक्रम के दौरान चंदनकियारी प्रखंड के भोजुडीह निवासी दिव्यांग कलाई प्रमाणिक की वर्षों पुरानी जरूरत कुछ ही मिनटों में पूरी हो गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने उन्हें बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सौंपते ही ऐसा पल रचा, जिसने पूरे सभागार को भावुक कर दिया।

वर्षों की बेबसी पर भारी पड़ी एक मुस्कान
बैटरी चालित ट्राईसाइकिल मिलते ही कलाई प्रमाणिक के चेहरे पर उभरी खुशी और संतोष की मुस्कान ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल छू लिया। लंबे समय से बेहतर आवागमन के लिए संघर्ष कर रहे कलाई प्रमाणिक के लिए यह ट्राईसाइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ जीवन जीने की नई उम्मीद बन गई।

25 आवेदनों की सुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। कुल 25 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले का त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जमीन, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा समेत कई मामलों पर हुई सुनवाई
लोक संवाद कार्यक्रम में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, बीएसएल, डीपीएलआर, आपूर्ति, कल्याण विभाग तथा विभिन्न अंचल कार्यालयों से जुड़े मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
“जनता की समस्या का त्वरित समाधान ही हमारी प्राथमिकता”
उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन रिस्पॉन्सिव और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की अवधारणा के अनुरूप कार्य कर रहा है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर किया जाए।
शिकायत नहीं, भरोसे का मंच है ‘हम आपको सुनते हैं’
उपायुक्त ने कहा कि ‘हम आपको सुनते हैं’ केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर राहत, न्याय और सम्मान मिल सके।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार, परियोजना पदाधिकारी मानिक चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(Report by currentbokaro team)

