Bokaro: जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर साइबर मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार (11 जुलाई 2026) को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने साइबर थाना का निरीक्षण कर लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।

लंबित कांडों के जल्द निष्पादन पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान दर्ज साइबर कांडों, ऑनलाइन शिकायतों, फ्रीज बैंक खातों तथा पीड़ितों की राशि वापस कराने से संबंधित लंबित मामलों की प्रगति का आकलन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैंक खाते होल्ड मामलों का 14 दिनों में होगा निपटारा
बैठक में निर्देश दिया गया कि बैंक खातों को होल्ड किए जाने से संबंधित सभी शिकायतों की जांच 14 दिनों के भीतर पूरी कर आवश्यक निर्णय लिया जाए। साथ ही ऑनलाइन प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
छोटे मामलों में साइबर एक्सपर्ट टीम करेगी सहयोग
थाना स्तर पर दो लाख रुपये से कम की साइबर धोखाधड़ी के मामलों में साइबर थाना की विशेषज्ञ टीम संबंधित थानों को आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएगी, ताकि मामलों का जल्द निष्पादन हो सके और पीड़ितों को राहत मिल सके।
डायल 1930 और समन्वय पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश
पुलिस उपाधीक्षक ने डायल 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही समन्वय पोर्टल का उपयोग कर अनुसंधान को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
प्रतिबिंब ऐप से होगी लगातार छापेमारी
साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रतिबिंब ऐप के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाकर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा फ्रीज की गई रकम का शीघ्र सत्यापन कर पीड़ितों के खातों में वापस करने पर भी विशेष बल दिया गया।
तकनीक के अधिकतम उपयोग और जागरूकता अभियान पर जोर
बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने के लिए डायल 1930 हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और साइबर जागरूकता अभियान को और तेज करने का भी निर्देश दिया गया।

