Bokaro: बालीडीह थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित आर्य बिहार गली में शनिवार देर शाम एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पैतृक गांव से लौटे तो टूटा मिला घर का ताला
पीड़ित विकास कुमार ने बालीडीह थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि वह 9 जुलाई को अपने पैतृक गांव, बिहार के जहानाबाद गए थे। शनिवार (11 जुलाई) को जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी खुली हुई थी।

नकद और गहने गायब
पीड़ित के अनुसार, जांच करने पर अलमारी में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद और शादी के लिए सुरक्षित रखे गए सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद परिवार सदमे में है।
पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा
विकास कुमार ने पुलिस से चोरी गए नकद और आभूषणों की बरामदगी के साथ आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों की पहचान में लगी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
*

