Bokaro: भारतीय वायु सेना में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। इंडियन एयरफोर्स ने अग्निवीर वायु (INTAKE 02/2027) भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया है। जिले के इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

12वीं में गणित, भौतिकी और अंग्रेजी अनिवार्य
अग्निवीर वायु भर्ती के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित, भौतिकी एवं अंग्रेजी विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी सहित अन्य संबंधित विषयों में इंजीनियरिंग डिप्लोमा या दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

17.5 से 21 वर्ष तक के युवा कर सकते हैं आवेदन
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार का जन्म 1 जुलाई 2005 से पहले और 2 जनवरी 2010 के बाद नहीं होना चाहिए। पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट का लाभ मिलेगा।
डीसी ने युवाओं से समय पर आवेदन करने की अपील की
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के पात्र युवाओं से भारतीय वायु सेना में करियर बनाने के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और पात्रता मानकों को अच्छी तरह समझ लें।
डीसी ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
ऑनलाइन आवेदन और जानकारी के लिए वेबसाइट
अग्निवीर वायु (INTAKE 02/2027) भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी भारतीय वायु सेना की वेबसाइट https://iafrecruitment.edcil.co.in पर विजिट कर सकते हैं।

