Bokaro: जिले में रविवार सुबह हुई चेन स्नेचिंग की घटना ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। महज एक रात पहले यानी शनिवार शाम को पड़ोसी जिला गिरिडीह में तीन अलग-अलग घटनाओ में महिलाओं को निशाना बनाया गया। सिलसिलेवार चेन स्नेचिंग की वारदातों के बाद बोकारो में भी बाइक सवार बदमाशों द्वारा उसी अंदाज में अपराध को अंजाम दिए जाने से यह आशंका गहरा गई है कि अंतरजिला चेन स्नेचर गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने दोनी ज़िलों के पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

वारदात का तरीका लगभग एक जैसा
दो युवकों का अपाचे बाइक पर सवार होकर आना, पलभर में गले से सोने की चेन झपटना और तेजी से फरार हो जाना। गिरिडीह और बोकारो दोनों जगह अपराधियों ने लगभग इसी तरीके से वारदात को अंजाम दिया। गिरिडीह में शनिवार शाम एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाया गया, जबकि रविवार सुबह बोकारो के सेक्टर-2सी स्थित जैन मंदिर के समीप इसी तरह की घटना हुई।

बोकारो में युवक से छीनी गई सोने की चेन
बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में सेक्टर-2 निवासी अभिषेक यादव से रविवार सुबह दो बाइक सवार युवकों ने सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयुक्त बाइक अपाचे बताई जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
गिरिडीह में एक घंटे में तीन महिलाएं बनी थीं शिकार
शनिवार शाम गिरिडीह के पचंबा, मुफस्सिल और नगर थाना क्षेत्रों में तीन महिलाओं से चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई थीं। पीड़ितों में एक महिला अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़कर लौट रही थी, जबकि दूसरी महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली गई। घटनाओं के स्थान और अपराधियों के तरीके में समानता मिलने पर एसपी बिमल कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में अपाचे बाइक सवार एक ही गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
10 दिन पहले ही पकड़ा गया था बड़ा गिरोह
गौरतलब है कि 2 जुलाई को बोकारो पुलिस ने बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, रामगढ़ के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक सक्रिय एक कुख्यात चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कई मामलों का खुलासा किया था। उस समय एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया था कि गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाता था और अंतरजिला स्तर पर सक्रिय था। ताजा घटनाओं के बाद यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं कोई नया गिरोह या उसी नेटवर्क के अन्य सदस्य फिर से सक्रिय तो नहीं हो गए हैं।
लगातार वारदातों से लोगों में बढ़ी चिंता
बोकारो और गिरिडीह में लगातार हुई इन घटनाओं ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों जिलों में अपराधियों की तलाश में जुटी है, लेकिन लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने शहरी इलाकों में बढ़ते सड़क अपराध पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

