Bokaro: जिले में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी बार बाइक सवार अपराधियों ने महिला को निशाना बनाकर पुलिस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी। ताजा घटना रविवार को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी मार्केट के सामने हुई, जहां इलाज के लिए आए दंपती से बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।

इलाज कराने आए थे, पलभर में उड़ा ले गए सोने की चेन
पीड़ित संजय कुमार सिन्हा (58 वर्ष), निवासी स्वांग (गोमिया), ने सेक्टर-4 थाना में दर्ज कराए आवेदन में बताया कि वह अपने बेटे के इलाज के लिए पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ सेक्टर-4 स्थित लक्ष्मी मार्केट में मयूर मेडिकल आए थे। सुबह करीब 11:15 बजे दोनों मेडिकल दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनकी पत्नी के गले से करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी बीजीएच की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए।

पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आए आरोपी
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने शोर मचाते हुए कुछ दूर तक बाइक सवार बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। आवेदन के अनुसार, दोनों आरोपियों में से एक युवक ने सफेद टोपी और आसमानी (स्काई) रंग की शर्ट पहन रखी थी। पुलिस को दिए आवेदन में दोनों अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्राइम मीटिंग के दौरान हुई वारदात
घटना ऐसे समय हुई, जब जिले के सभी थाना प्रभारियों, डीएसपी और एसडीपीओ के साथ बोकारो एसपी की मासिक अपराध समीक्षा बैठक चल रही थी। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बीच हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
24 घंटे में दूसरी चेन स्नैचिंग से बढ़ी चिंता
यह घटना पिछले 24 घंटे के भीतर जिले में चेन स्नैचिंग की दूसरी वारदात है। पहली घटना शहर के सिटी थाना क्षेत्र में सेक्टर-2 निवासी अभिषेक यादव के साथ हुई थी। रविवार सुबह दो बाइक सवार युवकों ने उनकी सोने की चेन झपट ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहे। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयुक्त बाइक अपाचे बताई जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेक्टर-4 थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के मार्गों के कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार वारदातों से महिलाओं में बढ़ी दहशत
लगातार दो दिनों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर की महिलाओं और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि व्यस्त बाजार और रिहायशी इलाकों में भी अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात करना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस इन दोनों घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों तक कब पहुंचती है।

