Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष से वीडियो संवाद के माध्यम से अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गोमिया, बेरमो, बोकारो और चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

सिर्फ प्रपत्र वितरण नहीं, समय पर डिजिटाइजेशन भी जरूरी: डीसी
समीक्षा बैठक में डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एसआईआर अभियान में केवल गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लेना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण और डिजिटाइजेशन भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि अभियान की वास्तविक सफलता डिजिटल रिकॉर्ड को समय पर पूरा करने से ही सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही मतदान केंद्रवार एएसएसडी (Absent, Shifted, Dead) सूची तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय पर जोर
डीसी ने सभी ईआरओ और एईआरओ को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आगामी 14 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर प्रस्तावित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक और चुनाव पाठशाला कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने को कहा। बैठक के दौरान उन मतदान केंद्रों की भी समीक्षा की गई, जहां गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की रणनीति बनाने का निर्देश दिया।
गोमिया के बूथ संख्या-105 ने बनाया रिकॉर्ड, जिले में सबसे पहले पूरा हुआ पहला चरण
एसआईआर-2026 अभियान में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या-105 ने जिले में एक नई मिसाल कायम की है। यहां की बीएलओ संगीता देवी ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। यह बोकारो जिले का पहला मतदान केंद्र है, जहां एसआईआर अभियान के प्रथम चरण का काम पूरी तरह समाप्त हुआ है। बीएलओ संगीता देवी ने अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाते हुए सभी प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित किया। इसके बाद समय सीमा के भीतर सभी प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटल एंट्री का कार्य भी पूरा किया गया।
बूथ संख्या-298 पर भी शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन
गोमिया विधानसभा क्षेत्र के ही बूथ संख्या-298 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, करकटकला) की बीएलओ गीता देवी ने भी निर्धारित समय सीमा के अंदर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनके इस कार्य की डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने सराहना की और कहा कि सभी बीएलओ इसी प्रतिबद्धता और समयबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि एसआईआर-2026 अभियान के सभी लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकें।
अधिकारियों ने जताई अभियान को सफल बनाने की प्रतिबद्धता
वीडियो संवाद में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिले के सभी ईआरओ और एईआरओ मौजूद थे। डीसी ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाना और गणना प्रपत्रों का सही समय पर डिजिटाइजेशन करना ही अभियान की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और बीएलओ से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जिले को एसआईआर-2026 में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

