Bokaro: साइबर अपराध के खिलाफ बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर की गई।

सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बोकारो के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस के सहयोग से 15 और 16 जुलाई की रात सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी-कॉपरेटिव तथा माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह-राजेंद्र नगर में छापेमारी की। इस दौरान साइबर अपराध में संलिप्त नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में साइबर थाना बोकारो में कांड संख्या-24/2026, दिनांक 16 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111, 318, 319, 338, 340, दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(c)/66(d) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाते थे। आरोपी कभी RM टूर एंड ट्रेवल्स का एजेंट बनकर तो कभी बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते थे और झांसे में लेकर बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
मोबाइल, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, एक नंबर से जुड़े दो आधार कार्ड और 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस जांच में कुछ बैंक खातों से लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। संबंधित खातों पर रोक लगाते हुए पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने बोकारो के अलावा अन्य जिलों और राज्यों में भी साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
बिहार समेत कई जिलों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में बोकारो के सेक्टर-3 निवासी सिंह सम्राट कुमार विनय (22 वर्ष) के अलावा बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के रहने वाले आरोपी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई –
- सिंह सम्राट कुमार विनय, उम्र 22 वर्ष, सेक्टर-3/डी, बोकारो।
- निरंजा कुमार, उम्र 31 वर्ष, बख्तियारपुर, पटना (बिहार)।
- सुदामा कुमार, उम्र 24 वर्ष, बख्तियारपुर, पटना।
- नितिश कुमार, उम्र 28 वर्ष, नवादा (बिहार)।
- सुबोध कुमार, उम्र 30 वर्ष, बख्तियारपुर, पटना।
- प्रेमचन्द्र कुमार, उम्र 27 वर्ष।
- धर्मराज कुमार, उम्र 19 वर्ष, पाण्डारक, पटना।
- ब्रजेश कुमार, उम्र 24 वर्ष, सिकंदरा, जमुई।
- रवि प्रभाकर, उम्र 41 वर्ष, बख्तियारपुर, पटना।
किरायेदार सत्यापन को लेकर पुलिस ने जारी की अपील
बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए आम लोगों से किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। पुलिस ने मकान मालिकों से कहा है कि किसी भी व्यक्ति को मकान किराए पर देने से पहले थाना प्रभारी द्वारा उपलब्ध कराए गए किरायेदार सत्यापन फॉर्म को भरकर पुलिस जांच जरूर कराएं। यदि किराए के मकान में किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चलता है तो मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर बोकारो रामप्रवेश कुमार, साइबर थाना प्रभारी अनिल कच्छप सहित साइबर थाना, बीएस सिटी थाना, सेक्टर-12 थाना, बालीडीह थाना के अधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
बोकारो पुलिस की आम लोगों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, एटीएम डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर सूचना दें।आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1091, बाल हेल्पलाइन 1098, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181 और एंबुलेंस सेवा 108 पर संपर्क किया जा सकता है।

