Bokaro: आत्मरक्षा, अनुशासन और शारीरिक क्षमता को बढ़ावा देने वाली मार्शल आर्ट्स विधा में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की प्राइमरी और सीनियर दोनों इकाइयों के कुल 107 छात्र-छात्राओं ने कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

कड़ी मेहनत के बाद विद्यार्थियों ने हासिल की विभिन्न बेल्ट
कराटे प्रशिक्षण के बाद आयोजित बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। सफल विद्यार्थियों को उनकी दक्षता के आधार पर विभिन्न श्रेणियों की बेल्ट प्रदान की गई। प्राइमरी इकाई के कुल 78 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में सफलता पाई। इनमें 37 विद्यार्थियों को येलो बेल्ट, दो को ऑरेंज बेल्ट, सात को ग्रीन बेल्ट, 24 को ब्लू-2 बेल्ट, एक को ब्लू-1 बेल्ट, तीन को पर्पल-2 बेल्ट, एक को पर्पल-1 बेल्ट, दो को ब्राउन-3 बेल्ट और एक विद्यार्थी को ब्राउन-2 बेल्ट से सम्मानित किया गया।

सीनियर इकाई के 29 प्रशिक्षु भी रहे सफल
वहीं, विद्यालय की सीनियर इकाई के 29 कराटे प्रशिक्षुओं ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए ग्रेडिंग टेस्ट में सफलता हासिल की। इनमें 14 विद्यार्थियों को येलो बेल्ट, एक को ग्रीन बेल्ट, एक को ब्लू-2, छह को ब्लू-1, एक को पर्पल-2, दो को पर्पल-1, तीन को ब्राउन-3 और एक विद्यार्थी को ब्राउन-2 बेल्ट प्रदान किया गया।
प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने किया सम्मानित
गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एवं खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन डॉ. ए.एस. गंगवार ने सफल विद्यार्थियों को बेल्ट और टेंशिनकान शोतोकान रियू कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक ग्रेडिंग प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. गंगवार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
विद्यार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील
प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को खेल एवं आत्मरक्षा से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं। कार्यक्रम में खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव सह मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं सहित विद्यालय के कई वरिष्ठ शिक्षक मौजूद थे। उन्होंने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

