Bokaro: बोकारो सदर अस्पताल में एक बार फिर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल शल्य चिकित्सा को सफलतापूर्वक अंजाम देकर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा मजबूत किया है। अस्पताल में 50 वर्षीय महिला की सफल एब्डोमिनल हिस्टरेक्टमी (बच्चेदानी निकालने की सर्जरी) की गई। ऑपरेशन पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ संपन्न हुआ। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

लंबे समय से स्त्री रोग से थीं पीड़ित
जानकारी के अनुसार महिला लंबे समय से स्त्री रोग संबंधी गंभीर समस्या से परेशान थीं। अस्पताल में आवश्यक चिकित्सीय जांच और विशेषज्ञों की सलाह के बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। विशेषज्ञ टीम ने पूरी सतर्कता के साथ सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस ऑपरेशन का नेतृत्व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा ने किया। वहीं, एनेस्थीसिया प्रबंधन की जिम्मेदारी डॉ. पंकज सिन्हा ने संभाली। दोनों विशेषज्ञों के समन्वय और अनुभव के कारण ऑपरेशन सफल रहा।

सदर अस्पताल में बढ़ रही जटिल सर्जरी की क्षमता
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता के कारण अब जटिल शल्य चिकित्सा भी सफलतापूर्वक की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्त्री रोग संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर उचित इलाज कराएं।
गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध अस्पताल
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि अस्पताल आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अस्पताल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।


