Bokaro: बीएस सिटी थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन भवन से एयर कंडीशनर (एसी) की यूनिट चोरी मामले का बोकारो पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि दो निरुद्ध बालकों को भी पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए एसी से संबंधित तांबे के पाइप बरामद किए गए हैं।

अग्रसेन भवन से चोरी हुई थीं दो एसी यूनिट
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-1 स्थित अग्रसेन भवन निवासी संजय कुमार गुप्ता ने बीएस सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 और 25 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने अग्रसेन भवन परिसर से दो एयर कंडीशनर (एसी) यूनिट चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर बीएस सिटी थाना कांड संख्या-164/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच में सेक्टर-1सी निवासी 20 वर्षीय सूरज बाउरी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ शामिल दो निरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया।

टूटे हुए स्कूल भवन में छिपाए गए थे तांबे के पाइप
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अग्रसेन भवन के समीप स्थित एक जर्जर स्कूल भवन से चोरी किए गए एसी के तांबे के मोटे और पतले पाइप बरामद किए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने चोरी के बाद इन्हें वहां छिपाकर रखा था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सूरज बाउरी तथा दोनों निरुद्ध बालकों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जब्त सामान
- एसी का तांबे का मोटा पाइप (लगभग 8 फीट)
- एसी का तांबे का पतला पाइप (लगभग 8 फीट)


