Bokaro: परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर), जमशेदपुर की स्थापना को लेकर मंगलवार को आयोजित एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण झारनेट के माध्यम से किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन जुड़े, जिसमें बोकारो जिला भी झारनेट के माध्यम से सहभागी बना।

डीसी ने चालकों को सौंपे लाइसेंस और हेल्मेट
कार्यक्रम के समापन के बाद बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने 29 वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेल्मेट प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया।
वैध लाइसेंस के बिना वाहन चलाना जोखिम भरा
उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक योग्य वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष शिविरों में कुल 334 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 241 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। वहीं, सारथी ऐप पर 23 जुलाई तक लंबित 836 आवेदनों में तेजी से कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने मात्र चार दिनों में 743 आवेदनों का निष्पादन कर दिया।

हर साल 600 भारी वाहन चालकों को मिलता है लाइसेंस
डीसी ने बताया कि बोकारो जिले में प्रत्येक वर्ष लगभग 600 भारी वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाते हैं। भारी वाहन चालकों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए पिंड्राजोड़ा और चंदनकियारी में दो प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षित चालक सड़क सुरक्षा की मजबूत कड़ी
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण केंद्रों से कुशल चालक तैयार होने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। प्रशिक्षित और दक्ष वाहन चालक सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


