Bokaro: जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर और इसके आसपास स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी-सह-सिविल सर्जन, बोकारो के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती गुलाब लकड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने सदर अस्पताल कैंटीन सहित अस्पताल के निकट स्थित करीब 10 दुकानों और ठेलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती पूजा कुमारी, श्री एम. ए. आलम और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के आनंद कुमार शामिल थे। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, पैकिंग वाले खाद्य उत्पादों पर निर्माण तिथि, बैच नंबर और यूज बाय डेट (Use By Date) अंकित होने की जांच करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री बेचने का निर्देश दिया।

चटनी में मिला अखाद्य रंग, मौके पर कराया गया नष्ट
निरीक्षण के क्रम में एक दुकान में चटनी तैयार करने के लिए अखाद्य रंग (गाय छाप-चंपई रंग) का इस्तेमाल करते हुए पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल उक्त रंग को नष्ट कराया और दुकानदार को खाद्य पदार्थों में केवल खाने योग्य स्वीकृत रंगों का ही उपयोग करने का निर्देश दिया।
स्वच्छता और लाइसेंस को लेकर सख्ती
जांच के दौरान दुकानदारों को खाद्य परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ेदान को ढककर रखने और खाद्य पदार्थों को अखबार एवं पॉलीथीन में बेचने से बचने की हिदायत दी गई। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखने पर विशेष जोर दिया।
FSSAI पंजीकरण और लाइसेंस के लिए नोटिस
खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच के दौरान बिना FSSAI रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस के संचालित दुकानों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए नोटिस जारी किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस तरह की औचक जांच आगे भी जारी रहेगी।

