Bokaro: चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थी राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी के गुण सीख रहे हैं। विद्यालय में संचालित NCC यूनिट-1 नेवल यूनिट के अंतर्गत बुधवार, 29 जुलाई को मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में नौसेना के पेटी ऑफिसर एस. के. गुप्ता और पेटी ऑफिसर अमित सिंह ने कैडेटों को नौसेना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

नौसेना अधिकारियों ने कैडेटों को सिखाए प्रशिक्षण के गुर
प्रशिक्षण सत्र के दौरान दोनों नौसेना अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सब-नेविगेशन, दिशा निर्धारण, भारतीय नौसेना में करियर के अवसर, सशस्त्र बलों की कार्यप्रणाली, युद्धपोत, पनडुब्बी और नौसेना विमानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कैडेटों को अनुशासन के महत्व से अवगत कराते हुए ड्रिल का भी अभ्यास कराया।

कैडेटों ने प्रशिक्षण के दौरान उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय नौसेना से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया।
NCC से विद्यार्थियों में बढ़ता है आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भाव
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार और NCC कॉर्डिनेटर प्रांजल साकिया उपस्थित रहे। प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व होता है। NCC विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है।
उन्होंने नौसेना के पेटी ऑफिसर एस. के. गुप्ता और अमित सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थियों में NCC को लेकर हमेशा से विशेष उत्साह रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में NCC और रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगे।

