Bokaro: बैंक मोड़ के समीप स्थित डोली पैलेस के एक बंद कमरे से रविवार को 44 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद मकान मालिक की सूचना पर आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

कई दिनों से कमरे में बंद था व्यक्ति
बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मकान मालिक की मौजूदगी में कमरा नंबर 106 का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला, जिसने सेना जैसी वर्दी पहन रखी थी। शव काफी खराब स्थिति में था और उसका रंग काला पड़ चुका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई होगी।

महाराष्ट्र का रहने वाला बताया गया
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान सुभाष अशोक धुमाल (44) के रूप में की है। वह डोली पैलेस में किराए पर रह रहा था। मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार, मृतक मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा जिले के चिंचनर का रहने वाला बताया गया है। उसने 22 फरवरी को कमरा किराए पर लिया था और खुद को सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी बताया था।
3-4 अगस्त के बाद नहीं हुआ संपर्क
मकान मालिक ने बताया कि किराए को लेकर 3 या 4 अगस्त को उनकी मृतक से बातचीत हुई थी। इसके बाद वह व्यक्ति कमरे के अंदर ही रहा। रविवार सुबह अपार्टमेंट के चौकीदार को कमरा नंबर 106 से तेज दुर्गंध महसूस हुई। उसने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
पुलिस के पहुंचने पर कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने का प्रयास विफल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर सेना जैसी वर्दी में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि मृतक वास्तव में सेना, पुलिस या किसी अन्य सरकारी अथवा निजी संस्थान से जुड़ा था।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव की स्थिति को देखते हुए मौत कुछ दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का सही समय और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
महाराष्ट्र में परिजनों से संपर्क की कोशिश
पुलिस मृतक के महाराष्ट्र स्थित परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह गोमिया में क्यों रह रहा था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और मृतक की पहचान व अन्य तथ्यों की पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।
By Team | Bokaro

