Bokaro: सावन के पावन महीने में रविवार को पुपुनकी स्थित दामोदर नदी का तट शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवरिए दामोदर नदी के तट पर पहुंचे और विधि-विधान से पवित्र जल उठाकर बाबा गौरीनाथ धाम, चिड़का के लिए रवाना हुए। कांवरियों के ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

डेढ़ लाख से अधिक शिवभक्तों के पहुंचने का अनुमान
दामोदर नदी से जल लेकर निकले कांवरियों का मुख्य उद्देश्य सोमवार को चिड़का स्थित बाबा गौरीनाथ मंदिर में जलाभिषेक करना है। आयोजकों और स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार बाबा गौरीनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। अनुमान है कि सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या डेढ़ लाख से अधिक पहुंच सकती है।

सेवा शिविर में कांवरियों का हुआ स्वागत
कांवरियों की सुविधा और सेवा के लिए पुपुनकी पंचायत के ग्रामीणों की ओर से सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में दामोदर नदी से जल लेकर गौरीनाथ धाम की ओर बढ़ रहे कांवरियों एवं अन्य श्रद्धालुओं के बीच शर्बत, बिस्कुट और फल का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ शिवभक्तों की सेवा की और उनकी यात्रा सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।
ग्रामीणों ने बढ़ाया सेवा का हाथ
सेवा शिविर में पूर्व मुखिया शिवलाल केवट, पंचायत समिति सदस्य डॉ. आलाउद्दीन, मुखिया पति संतोष केवट, दिलीप केवट, माधव दास, पिंटू दास, संजय केवट, नारायण गोप, दिनेश गोप, पिंटू गोप, प्रकाश केवट, संजय दास, राजेश दास, रामप्रसाद दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा मार्ग
कांवरियों की बढ़ती भीड़ के कारण दामोदर नदी से लेकर गौरीनाथ धाम चिड़का तक का पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आ रहा है। हाथों में कांवर और जुबां पर बाबा भोलेनाथ का नाम लिए शिवभक्त लगातार आगे बढ़ रहे हैं। जगह-जगह ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं। सावन की आस्था और कांवरियों की भक्ति ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया है।

