Bokaro: चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क जाम हटाने के दौरान कांवरियों और थाना प्रभारी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से थाना प्रभारी प्रकाश मंडल पर मुक्का मार दिया। चोट लगने से उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। उन्हें तत्काल चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सिर पर टांके लगाए गए।

ASP चास वेदांत शंकर ने बताया कि कांवरियों का जत्था दामोदर नदी से जल लेकर चिड़का धाम जा रहा था। जत्थे के साथ डीजे लगा ट्रक भी था, जो एक स्थान पर काफी देर तक खड़ा रहा। इससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रकाश मंडल मौके पर पहुंचे और जाम हटाने के लिए डीजे वाहन के साथ चल रहे कांवरियों को समझाने का प्रयास किया।

ASP के अनुसार, इसी दौरान थाना प्रभारी और कांवरियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से थाना प्रभारी के सिर पर मुक्का मार दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा।
घटना के बाद थाना प्रभारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर पर टांके लगाए। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

