Bokaro: रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के मद्देनजर बोकारो पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार सुबह से ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर तैनात नजर आईं। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ ही युवाओं के समूह में होने वाली आवाजाही पर भी निगरानी बढ़ा दी है।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि जिले में स्थिति शांतिपूर्ण है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर जांच
चास आईटीआई मोड़, चास धर्मशाला मोड़, नया मोड़, बालीडीह, चास मुफस्सिल, पिंडाजोरा, सेक्टर-12, हरला, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ी हुई है। इसके अलावा पेटरवार, कसमार और जैनामोड़ के फोरलेन मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना की टीमें वाहनों की जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में युवाओं के समूह में होने वाली आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित स्थिति से पहले एहतियाती कदम उठाना है।

रोजमर्रा की पुलिसिंग का हिस्सा है पेट्रोलिंग: एसपी
एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस बल की तैनाती और पेट्रोलिंग नियमित पुलिसिंग का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बोकारो के युवा समझदार हैं और यहां के छात्र अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हैं। उन्होंने बताया कि जिले के बड़ी संख्या में छात्र IIT, NEET और CLAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
वरिष्ठ अधिकारी भी सड़कों पर उतरे
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी विभिन्न इलाकों का दौरा करते रहे। चास एएसपी वेदांत शंकर, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सीसीआर डीएसपी प्रकाश कुमार और बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते नजर आए। ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, एसआई मुन्ना रवानी समेत विभिन्न थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और वाहन जांच अभियान की निगरानी की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में फिलहाल स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है। इसके बावजूद संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और पेट्रोलिंग जारी रखी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती का समय रहते सामना किया जा सके।
