Bokaro : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के सीधावनी में बोकारो-पुरुलिया मार्ग (एनएच-32) पर शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। सभी युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे और अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चारों मृतक पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमाडीह गांव के रहने वाले थे।

मृतकों में तीन किशोर, एक युवक शामिल
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय बुलेट प्रमाणिक, 15 वर्षीय आनंद महतो, 17 वर्षीय डाक्टर महतो और 18 वर्षीय धना महतो के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, बोकारो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
बीजीएच की मोर्चरी में रखे गए शव
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजीएच की मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही आमाडीह में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मनसा पूजा के लिए घर आया था धना
जानकारी के अनुसार, मृतक धना महतो किसी दूसरे शहर में रहकर रोजगार करता था। मनसा पूजा में शामिल होने के लिए वह शुक्रवार को ही अपने गांव लौटा था। इसके बाद वह अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से बंगाल की ओर गया था। लौटने के दौरान सीधावनी के पास उनकी मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर के बाद बाइक असंतुलित होकर गिर गई और चारों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में सभी को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।


