Bokaro: 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल), बोकारो में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा सभागार
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और विकसित भारत की झलक प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों से पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया और दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
एसपी नाथू सिंह मीना ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
स्कूलों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-4 ने देशभक्ति वंदना पर समूह गीत प्रस्तुत किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चास ने ‘वंदे मातरम्’ और चंदनकियारी के विद्यालय ने ‘देश नहीं झुकने देंगे’ विषय पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
विकसित भारत से जनजातीय संस्कृति तक दिखी विविधता
डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 ने ‘विकसित भारत’, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जरीडीह ने जनजातीय संस्कृति, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, चंद्रपुरा ने ‘नया भारत का चेहरा हम’, चिन्मय विद्यालय, सेक्टर-5 ने ‘ओल्ड इज गोल्ड’, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5 ने ‘तेरे हिमालय’, द पेटल्स कोस्टल असेंबली स्कूल, सेक्टर-12 ने ‘देश तुझे सलाम’ और रेनबो पब्लिक स्कूल, चिरा चास ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कसमार के विद्यार्थियों ने भी बटोरी तालियां
कस्तूरबा गांधी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, कसमार के छात्र-छात्राओं ने भी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
जिला टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति-पत्र
समारोह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विभिन्न संकायों में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के जिला टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रतिभागियों का भी हुआ सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को भी मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को यादगार बना दिया।
अधिकारी और आमजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


