Bokaro: बालीडीह औद्योगिक ओपी पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस की रात गश्ती के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए गोड़ाबाली मंडल टोला स्थित एक दुकान से अवैध बीयर बरामद की। पुलिस ने दुकान संचालक जितेन्द्र मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि गोड़ाबाली मंडल टोला में एक दुकान से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद बालीडीह थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र सिंह और बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
दुकान से 72 पीस बीयर बरामद
टीम ने सूचना के आधार पर जितेन्द्र मंडल, पिता धनेश्वर मंडल, निवासी गोड़ाबाली मंडल टोला की दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर के 500 एमएल वाले 72 पीस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया।

प्राथमिकी दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
मामले में बालीडीह (औद्योगिक ओपी) थाना कांड संख्या 129/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026 को बीएनएस 2023 की धारा 271, 272, 274, 275 और 292 तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47ए/55 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी अभियुक्त जितेन्द्र मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापामारी टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल
कार्रवाई में बालीडीह थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, बालीडीह ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक आनंद आजाद, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह तथा आरक्षी-1240 सच्चु पासवान शामिल थे। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


