Bokaro: सावन की हरियाली और उमंग के बीच रविवार को बोकारो में महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और फिटनेस के साथ सावन महोत्सव मनाया। समृद्धि महिला मंडल और जुंबा क्लास की ओर से आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अमृत पार्क में समृद्धि महिला मंडल का सावन महोत्सव
कैंप दो स्थित अमृत पार्क में समृद्धि महिला मंडल की ओर से सावन महोत्सव सह मित्रता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सावन पर आधारित गीत से हुई। इसके बाद महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों और नृत्य से माहौल को खुशनुमा बना दिया। गीत-संगीत और नृत्य का सिलसिला शाम तक चलता रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूनम झा ने की, जबकि संचालन रीना कुमारी ने किया। पूनम झा ने कहा कि सावन मन को आनंदित करने वाला मौसम है। यह पर्व हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह का भी संदेश देता है।कार्यक्रम में डोली, बेबी, सविता, अनुष्का, सरिता, माला, संगीता, निभा, सुनीता और रीना समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
जुंबा क्लास में फिटनेस के साथ सावन मिलन
दूसरी ओर, जुंबा क्लास से जुड़ी महिलाओं ने भी रविवार को सावन मिलन समारोह का आयोजन किया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनीता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने फिटनेस और बेहतर स्वास्थ्य का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक खुशी भी जरूरी है। आनंद जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और नियमित व्यायाम व्यक्ति को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है।

सावन मिलन के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और गीत-संगीत व मनोरंजक गतिविधियों के जरिए दिन को यादगार बनाया। दोनों आयोजनों में महिलाओं की भागीदारी ने सावन के उल्लास, मित्रता और स्वस्थ जीवनशैली का सुंदर संदेश दिया।


