Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के लिए गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से सेवा अनुबंध विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में किया गया। प्रशिक्षण में संयंत्र के विभिन्न विभागों से करीब 50 अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अधिशासी निदेशक (संकार्य) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास), मुख्य महाप्रबंधक (सर्विसेज), मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) सह एसीवीओ, जेम विशेषज्ञ तथा कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा अनुबंधों में जेम की उपयोगिता पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने जेम के माध्यम से सेवा अनुबंधों की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी।

जेम पोर्टल पर सेवा अनुबंध प्रबंधन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जेम विशेषज्ञ ने जेम पोर्टल के माध्यम से सेवा अनुबंधों के प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी। इसमें सेवा अनुबंध प्रक्रिया, बिड प्रबंधन, अनुबंध प्रशासन और वैधानिक अनुपालन से संबंधित प्रमुख विषयों को विस्तार से समझाया गया।
ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े अधिकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ऑनलाइन जूम लिंक के माध्यम से भी किया गया। इसके जरिए कई अधिकारियों ने ऑनलाइन सहभागिता की और जेम आधारित सेवा अधिप्राप्ति से संबंधित अपनी समझ को मजबूत किया। साथ ही, अधिकारियों को सेवा अनुबंधों से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों और शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर भी मिला।
पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
यह प्रशिक्षण पहल बोकारो इस्पात संयंत्र में सेवा अनुबंधों के प्रबंधन में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और वैधानिक अनुपालन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। सेवा अनुबंध प्रबंधन प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के साथ अधिकारियों के निरंतर क्षमता संवर्धन से बीएसएल के प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम, सटीक और समयबद्ध बनाने की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट होती है।


