Bokaro: शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन तक पहुंचने वाली जनसमस्याओं, शिकायतों और फीडबैक की भी समीक्षा की गई।

सोशल मीडिया को जनसमस्याओं के समाधान का माध्यम बनाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं और फीडबैक को गंभीरता से लेता है। सोशल मीडिया के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रख सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया के जरिए सामने आने वाली वास्तविक जनसमस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी प्रसारित कर अव्यवस्था पैदा करने, लोगों को भड़काने या जनमत को प्रभावित कर सामाजिक माहौल खराब करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित में सकारात्मक भूमिका का स्वागत है, लेकिन विधि-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की अनुमति नहीं होगी।

पिलपिला गांव में जमीन से आग निकलने की घटना की समीक्षा
बैठक में गोमिया प्रखंड के पिलपिला गांव में जमीन से आग निकलने की घटना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मनोज कुमार से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। साथ ही ओएनजीसी और सीसीएल अधिकारियों के साथ पूर्व में हुई बैठक की कार्रवाई एवं प्रगति रिपोर्ट के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
पिलपिला क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग का निर्देश
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो को संबंधित क्षेत्र की बारीकी से निगरानी करने और प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ एवं सीओ को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र में किसी कार्य एजेंसी द्वारा सक्षम अनुमति के बिना डीप बोरिंग का कार्य नहीं किया जाए।
जेएसएलपीएस की योजनाओं और खर्च की समीक्षा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जेएसएलपीएस के तहत प्राप्त आवंटन और उसके विरुद्ध किए गए व्यय की समीक्षा की। इस दौरान जिले के बेहतर प्रदर्शन की जानकारी दी गई और बताया गया कि जेएसएलपीएस के खर्च के मामले में बोकारो राज्य में छठे स्थान पर है।
हर माह जेएसएलपीएस की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे बीडीओ
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में जेएसएलपीएस की योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी बीडीओ प्रत्येक माह जेएसएलपीएस के कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा सुनिश्चित करेंगे।
पत्रकार दीदियों को चिन्हित करने पर जोर
उपायुक्त ने एसएचजी दीदियों के माध्यम से पत्रकार दीदी को चिन्हित करने की दिशा में भी पहल करने को कहा। उन्होंने ग्राम स्तर पर पत्रकार दीदियों के चयन तथा जेएसएलपीएस द्वारा प्रतिमाह संचालित गतिविधियों पर आधारित बुलेटिन या मैगजीन प्रकाशित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
14 सितंबर तक शुरू होगा दीदी कैंटीन का संचालन
उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में प्रस्तावित दीदी कैंटीन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और 14 सितंबर तक कैंटीन का संचालन शुरू करने का निर्देश दिया।
अन्य योजनाओं और विभागीय मामलों की भी हुई समीक्षा
बैठक में एनजीडीआरएस से संबंधित मामलों, जिला समाज कल्याण विभाग में संविदा पर कार्यरत कर्मियों के अवधि विस्तार तथा नेतरहाट की तर्ज पर नावाडीह में विद्यालय की स्थापना सहित अन्य मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


