Bokaro: तंबाकू नियंत्रण कानून COTPA-2003 के प्रभावी अनुपालन और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस ने चंद्रपुरा एवं दुग्धा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर की गई।

चंद्रपुरा में 5 दुकानों की जांच
अभियान के दौरान चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में एसआई महाबीर उरांव और कांस्टेबल-54 दिलीप कुमार महतो ने गश्ती के दौरान तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाली पांच दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों पर COTPA के प्रावधानों के अनुपालन की पड़ताल की गई और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
दुग्धा में 2 दुकानदारों पर COTPA के तहत चालान
वहीं, दुग्धा थाना क्षेत्र में एसआई लक्ष्मण चौधरी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दुकानों के खिलाफ COTPA के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

7 दुकानों पर कार्रवाई, ₹2,600 का अर्थदंड वसूला
चंद्रपुरा और दुग्धा थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कुल 7 दुकानों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल ₹2,600 का अर्थदंड वसूला गया। पुलिस ने दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
दुकानदारों को नियमों के पालन की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान दुकानदारों को प्रतिबंधित तरीके से तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने और COTPA के सभी प्रावधानों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खुली सिगरेट की बिक्री COTPA का उल्लंघन
जिला परामर्शी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, बोकारो, मोहम्मद असलम ने बताया कि खुली सिगरेट की बिक्री COTPA की धारा 6(c) के प्रावधानों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान दुकानदारों को इस कानूनी प्रावधान की विशेष जानकारी दी गई और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
आगे भी जारी रहेगा जांच और छापेमारी अभियान
पुलिस एवं प्रशासन की ओर से बताया गया कि COTPA के प्रभावी अनुपालन को लेकर नियमित जांच और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। तंबाकू नियंत्रण कानून का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


