Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह दो नाबालिग बच्चियों के भटककर पहुंचने की सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों बच्चियां पारिवारिक कलह के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर से निकल गई थीं।

मुगलसराय से ट्रेन पकड़कर पहुंचीं बोकारो
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियां मुगलसराय स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं। सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई और सुबह आंख खुलने पर वे बोकारो रेलवे स्टेशन पर उतर गईं। इसके बाद दोनों स्टेशन परिसर में इधर-उधर घूम रही थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों बच्चियों को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान बच्चियों ने अपने घर और वहां उत्पन्न पारिवारिक विवाद के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
सुरक्षित परिजनों को किया गया सुपुर्द
बोकारो पुलिस ने आवश्यक जानकारी और पहचान की पुष्टि के बाद दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों बच्चियों को समय रहते उनके परिवार तक पहुंचाया जा सका। बोकारो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से भी पूरे प्रकरण की समुचित जांच करने का आग्रह किया है, ताकि बच्चियों के घर छोड़ने के कारणों की जानकारी सामने आ सके और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता का निर्देश
बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से जुड़े किसी भी गुमशुदगी के मामले में बोकारो पुलिस को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी थाना प्रभारियों को दिया गया है।
सूचना छिपाएं नहीं, तुरंत पुलिस को बताएं
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे, महिला या बुजुर्ग के लापता होने अथवा भटकने की जानकारी मिले, तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या 112 डायल पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।


