Bokaro: पश्चिम बंगाल के हुगली में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में DPS बोकारो के बाल कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड का नाम रोशन किया। कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) से संबद्ध ऑल बंगाल स्पोर्ट्स कराटे-डो-एसोसिएशन की मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल चार पदक अपने नाम किए।

अक्षर कुमार ने जीता रजत पदक
KAI सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2026 में DPS बोकारो के छात्र अक्षर कुमार ने सब-जूनियर बालक 8-9 वर्ष आयुवर्ग की -25 किलोग्राम कुमिते स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने रजत पदक हासिल करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
मायोन शारव ने भी हासिल किया सिल्वर
इसी आयुवर्ग की -30 किलोग्राम कुमिते स्पर्धा में विद्यालय के छात्र मायोन शारव ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

भाव्या बिष्ट ने काता में जीता कांस्य
सब-जूनियर बालिका 10-11 वर्ष आयुवर्ग की काता स्पर्धा में DPS बोकारो की छात्रा भाव्या बिष्ट ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता और प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
आरव कुमार ने कुमिते में मारी बाजी
वहीं, सब-जूनियर बालक 8-9 वर्ष आयुवर्ग की 35 किलोग्राम से अधिक कुमिते स्पर्धा में छात्र आरव कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर DPS बोकारो के प्राचार्य एवं खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस सफलता को विद्यालय, बोकारो जिले और पूरे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। प्राचार्य ने चारों पदक विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कराटे से बढ़ता है अनुशासन और आत्मविश्वास
डॉ. गंगवार ने कहा कि कराटे केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम भी है। इसके नियमित प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और एकाग्रता की भावना विकसित होती है।
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे छात्र
विद्यालय की ओर से बताया गया कि KAI से संबद्ध खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सहयोग से DPS बोकारो में विद्यार्थियों को लगातार मार्शल आर्ट का सघन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। विद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर परिणाम हासिल कर रहे हैं।
मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं रहे मौजूद
इस अवसर पर खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं भी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


