Bokaro: केंद्र सरकार द्वारा संसद में खान-खनिज संशोधन विधेयक 2026 पारित कराए जाने के विरोध में जय झारखंड मजदूर समाज की ओर से शुक्रवार को कोक ओवन एंड कोक केमिकल विभाग में कार्यरत मजदूरों के बीच जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने मजदूरों को विधेयक के प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी।


खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ शुरू हुआ अभियान
जय झारखंड मजदूर समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा केन्द्रीय सदस्य सह संगठन के महामंत्री बी.के. चौधरी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन लंबे समय तक यहां बेरोजगारी, भुखमरी और अशिक्षा जैसी समस्याएं बनी रहीं।
शिबू सोरेन के आंदोलन का किया उल्लेख
बी.के. चौधरी ने कहा कि झारखंड के अलग राज्य के आंदोलन के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संस्थापक स्व. शिबू सोरेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग को लेकर दशकों तक आंदोलन चला। बंदी और आर्थिक नाकेबंदी जैसे आंदोलनों के दौरान हजारों झारखंडवासियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके बाद वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।

हेमंत सोरेन सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन के बाद राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम हुआ। बी.के. चौधरी ने वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
खनिज राजस्व को लेकर केंद्र पर लगाए आरोप
बी.के. चौधरी ने आरोप लगाया कि झारखंड को खान-खनिज से मिलने वाले राजस्व के कारण राज्य में कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया खान-खनिज संशोधन विधेयक राज्य के हितों के प्रतिकूल है और इससे झारखंड को मिलने वाले राजस्व पर असर पड़ सकता है।
‘बिल वापस होने तक जारी रहेगा विरोध’
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता इस विधेयक को वापस कराने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से खान-खनिज संशोधन विधेयक 2026 को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि राज्य के हितों से जुड़े मुद्दे पर मजदूरों और आम लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
जनजागरण अभियान के दौरान संयुक्त महामंत्री एन.के. सिंह, सी.के.एस. मुंडा, आर.बी. सिंह, रौशन कुमार, तुलसी महतो, बादल कोयरी, ए.के. मंडल, मोहन मांझी, शशिभूषण, ए.डब्ल्यू. अंसारी, मनोज एक्का, मोहन मार्डी, उत्तम कुमार, माहिलाल मंडल, तुलसी दास, फागू महतो, ओम प्रकाश महतो, आनंद मोहन, बीरेन्द्र कुमार, समय हेम्ब्रम, जयराम राय, अजय अदक, फूलचन्द गोप, मुख्तार अंसारी, अजय सोरेन, बिनोद कुमार, भागीरथ महतो, सूरज कुमार, छोटू हेम्ब्रम, हीरालाल महतो, प्रभात ठाकुर, दिलीप मंडल, राजेन्द्र राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
