Bokaro: एसआईआर-2026 के तहत अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई और नए मतदाताओं के पंजीकरण को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार देर शाम उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के जरिए जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

चारों विधानसभा क्षेत्रों से ली कार्य प्रगति की जानकारी
समीक्षा के दौरान डीईओ सह डीसी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और अतिरिक्त एईआरओ से अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई तथा फार्म-06 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली।

दस्तावेज नहीं होने पर मतदाताओं को न हो परेशानी
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई मतदाताओं के पास पुरानी मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे मामलों में अनावश्यक परेशानी से बचाते हुए जरूरी दस्तावेज तैयार कराने और एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाने का निर्देश
मतदाताओं की सुविधा के लिए ईआरओ, एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ कार्यालयों में हेल्प डेस्क को प्रभावी रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया। यहां दस्तावेज, सुनवाई प्रक्रिया और फार्म-06 से 08 से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
ऑनलाइन प्रक्रिया समय पर पूरी करने पर जोर
उपायुक्त ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा को पर्याप्त ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सुनवाई के बाद ऑनलाइन प्रविष्टि और दस्तावेज अपलोड करने का कार्य समय पर पूरा हो सके।
पात्र मतदाता नहीं छूटें, सभी गंभीरता से करें काम
डीसी ने सभी पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए, इसके लिए संवेदनशीलता, गंभीरता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
