Bokaro : चास-बोकारो और आसपास के क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चार सितंबर से शुरू होने वाले जन्माष्टमी उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शहर के विभिन्न इलाकों में पूजा पंडालों को आकर्षक रूप देने में कारीगर जुटे हुए हैं। बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-2बी कृष्णा मोड़, सेक्टर-2डी, सेक्टर-4 एलआइसी मैदान, सेक्टर-12 चौधरी चरण सिंह मोड़, कुर्मीडीह, चास बांधगोड़ा साइट समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं।

54 वर्षों से कृष्णा मोड़ में मन रहा जन्माष्टमी उत्सव
बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-2बी कृष्णा मोड़ में करीब 54 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया जा रहा है। इस बार भी यहां भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सेक्टर-2बी कृष्णा मोड़ और सेक्टर-12 चौधरी चरण सिंह मोड़ मैदान में पूजा पंडाल के आसपास मीना बाजार भी लगाया जा रहा है। यहां बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र होंगे। परिवार के साथ पहुंचने वाले लोग मनोरंजन के साथ घरेलू जरूरत के सामान की खरीदारी भी कर सकेंगे।

टाउन हाल में इस्कान का भव्य आयोजन
इस्कान बोकारो की ओर से चार और पांच सितंबर को दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्मृति भवन, टाउन हाल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, चार सितंबर को जन्माष्टमी और पांच सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा।
आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष अभिषेक किया जाएगा और 56 से अधिक प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की ओर से नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कार्यक्रम और नृत्यमय संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
नंदोत्सव के अवसर पर इस्कान के आचार्य श्रील प्रभुपाद जी का जन्मदिवस भी मनाया जाएगा। उनका जन्म वर्ष 1896 में कोलकाता में हुआ था। इस वर्ष उनके जन्म के 130 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
बाजार में बढ़ी राधा-कृष्ण की मांग
जन्माष्टमी को लेकर बोकारो के बाजार भी गुलजार हो गए हैं। घरों और मंदिरों में सजावट के लिए श्रद्धालु राधा-कृष्ण की मूर्तियां, भगवान के वस्त्र, बांसुरी और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।
बोकारो के सेक्टर-1 श्रीराम मंदिर मार्केट, दुंदीबाद बाजार, सेक्टर-4 सिटी सेंटर, चास मेन रोड समेत आसपास के बाजारों में जन्माष्टमी से जुड़ी खरीदारी बढ़ गई है। दुकानों पर भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न आकार और आकर्षक रूपों वाली मूर्तियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है।
जन्माष्टमी के साथ शहर में धार्मिक आस्था के साथ मेले और सांस्कृतिक आयोजनों का माहौल भी बनने लगा है। आने वाले दिनों में पूजा पंडालों और बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।
