Bokaro : चास नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसी को योजनाओं के क्रियान्वयन से आगे बढ़कर लोगों को नियमित एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
25 सितंबर तक वार्डवार गैप रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त ने 01 अप्रैल 2027 तक नगर निगम क्षेत्र के शत-प्रतिशत घरों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया। फेज-1 में करीब 11 हजार घरों को कनेक्शन और लगभग 72 किमी पाइपलाइन का काम पूरा हुआ है। फेज-2 में करीब 200 किमी पाइपलाइन से 30 हजार घरों को जोड़ने का लक्ष्य है, जिसमें लगभग 13 हजार कनेक्शन हो चुके हैं।

फेज-1 का हैंडओवर 10 दिनों में पूरा होगा
जुस्को प्रतिनिधि को 10 सितंबर तक विस्तृत प्रगति रिपोर्ट देने को कहा गया। वहीं वार्ड पार्षदों को 25 सितंबर तक प्रत्येक वार्ड में कुल घरों, जल कनेक्शन और वंचित घरों की तथ्यात्मक गैप रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।

पानी की मात्रा और दबाव की होगी मॉनिटरिंग
उपायुक्त ने फेज-1 के हैंडओवर-टेकओवर की प्रक्रिया 10 दिनों में पूरा करने और डीपीआर, एग्रीमेंट, वर्क ऑर्डर तथा पाइपलाइन का तकनीकी मिलान करने को कहा। जलमीनार में आने और वितरित होने वाले पानी की मीटर आधारित निगरानी के साथ अवैध मोटर और पानी की बर्बादी पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
02 अक्टूबर से पहले तैयार होगी स्वच्छता कार्ययोजना
चास में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने सख्ती दिखाई। 02 अक्टूबर से पहले कार्ययोजना तैयार करने तथा देर रात और सुबह 04 से 07 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। 263 सफाई कर्मियों और 19 सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
छठ पर्व को लेकर सोलागिडीह तालाब में तैयारी
सोलागिडीह तालाब में छठ पर्व से पहले पेवर ब्लॉक और सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने औचक निरीक्षण की बात भी कही। बैठक में मेयर भोलू पासवान, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, डिप्टी मेयर पूजा कुमारी, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, जुस्को प्रतिनिधि और वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
