Bokaro: हरला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद अपार्टमेंट को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात रानीपोखर स्थित कंचन मोड़ के समीप लक्ष्मी नारायण अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात हुई। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मुख्य दरवाजे समेत सभी ताले तोड़े
चोरों ने अपार्टमेंट के बंद फ्लैट में प्रवेश करने के लिए मुख्य दरवाजे समेत अन्य दरवाजों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद घर में रखे सामान को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी चोरी की वास्तविक कीमत की पुष्टि नहीं की है।

कोडरमा में तैनात हैं महिला हवलदार
गृहस्वामी शुभम कुमार के अनुसार उनकी मां झारखंड पुलिस में हवलदार हैं और वर्तमान में कोडरमा में पदस्थापित हैं। शुभम स्वयं दिल्ली में रहते हैं। परिवार के सदस्य बाहर रहने के कारण फ्लैट बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

CCTV कैमरे और DVR भी उखाड़ ले गए
चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे CCTV कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। इससे पुलिस के सामने घटनास्थल से CCTV फुटेज हासिल करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित पक्ष ने शनिवार को हरला थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि फ्लैट में चोरी की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित के बोकारो पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद चोरी गए सामान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज की भी जांच कर सकती है, ताकि चोरों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
