Bokaro : बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र स्थित बियाडा के सुंदरम स्टील में काम के दौरान घायल हुए मजदूर की बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बालीडीह थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान देवघर निवासी अजय कौल के रूप में हुई है। वह सुंदरम स्टील में मजदूर के रूप में कार्यरत थे।
काम के दौरान हुए हादसे में हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, सुंदरम स्टील में काम करने के दौरान अजय कौल हादसे का शिकार हो गए थे। गंभीर स्थिति में उन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच मुआवजे सहित अन्य मुद्दों को लेकर बातचीत शुरू हुई।

दो दौर की वार्ता, मुआवजे पर बनी सहमति
मृतक के परिजन देवघर से बोकारो पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि प्रबंधन और परिजनों के बीच अब तक दो दौर की वार्ता हो चुकी है। परिजन मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे।

श्रम उपाधीक्षक रंजीत कुमार के अनुसार, परिजनों के साथ 12.50 लाख रुपये के मुआवजे पर समझौता हो गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
न्याय मिलने तक परिवार के साथ संगठन : आजसू
मामले को लेकर आजसू जिलाध्यक्ष सचिन कुमार महतो ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय और उचित अधिकार मिलने तक संगठन उनके साथ रहेगा।
घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
