Bokaro : अवैध बिजली कनेक्शन से हुए शॉर्ट सर्किट ने रविवार सुबह सेक्टर 6 डेली मार्केट मोड़ पर सात दुकानों को राख में बदल दिया। सुबह करीब 6:45 बजे लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई। आग की चपेट में एक गैस रिफिलिंग की दुकान भी आ गई, जहां करीब आठ गैस सिलेंडर रखे थे। फायरकर्मियों की तत्परता से सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इसके बाद गैस रिफिलिंग दुकान का संचालक मौके से सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
बोकारो फायर स्टेशन के प्रभारी भगवान ओझा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट से लगने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आग के दौरान अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही दुकान से करीब आठ सिलेंडर फायरकर्मियों ने बाहर निकाले थे। आग बुझाने की कार्रवाई के बीच दुकानदार मौका देखकर सिलेंडर लेकर वहां से चला गया।

भगवान ओझा के अनुसार, दुकानदार संभवतः कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए सिलेंडर लेकर भागा। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी से दुकानदार के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। ओझा ने बताया कि दुकान में गैस सिलेंडरों की मौजूदगी के कारण आग के दौरान बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते सिलेंडर हटाए जाने से खतरा टल गया।

होटल से शुरू हुई आग, देखते ही देखते सात दुकानें चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह डेली मार्केट मोड़ स्थित सागर चाय दुकान के पास लोग चाय पी रहे थे। इसी दौरान प्रसाद होटल से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब 10 से 15 मिनट के भीतर झारखंड अग्निशमन विभाग की दो और बीएसएल की एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
दमकल वाहनों के पहुंचने तक आग तेजी से फैल चुकी थी। देखते ही देखते एक के बाद एक सात दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास के इलाके में फैलने से रोक दिया।
इन दुकानों में हुआ नुकसान
आग की चपेट में दुर्गा सैलून, आशुतोष होटल, प्रसाद होटल धर्मेंद्र, रामबालक लड्डू दुकान, संतोष हार्डवेयर, विजय चश्मा दुकान, मनिहारी शॉप और गैस की दुकान शामिल हैं। दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानदारों के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और विधायक प्रतिनिधि
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर 6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगीता कुमारी मौके पर पहुंचीं और दुकानदारों से घटना की जानकारी ली। बोकारो विधायक प्रतिनिधि कुमार प्रभात रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
अवैध कनेक्शन ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
घटना ने सेक्टर 6 डेली मार्केट मोड़ पर संचालित दुकानों में सुरक्षा मानकों और अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आग का कारण अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं, आग की जद में अवैध गैस रिफिलिंग दुकान का होना स्थिति को और गंभीर बना रहा था। फायरकर्मियों ने समय रहते सिलेंडर हटाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
