Bokaro: सीसीएल करगली क्षेत्र में एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ की ओर से अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में कुल 6.375 टन अवैध कोयला, आठ मोटरसाइकिल और चार साइकिल जब्त की गईं।

फुसरो मार्केट और रानीबाग में छापेमारी
सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि ढोरी एरिया के फुसरो मार्केट और रानीबाग के आसपास साइकिल के जरिए अवैध कोयला ले जाने की तैयारी है। सूचना की पुष्टि के बाद छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए मौके से करीब 1.895 टन अवैध कोयला और चार साइकिल बरामद कीं।
जरिडीह बाजार के पास भी कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर जरिडीह बाजार के समीप भी छापेमारी की गई। इस दौरान दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल पर लदा करीब 2.025 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।

खासमहल क्षेत्र से 2.45 टन कोयला बरामद
सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच से मिले इनपुट के आधार पर खासमहल क्षेत्र में भी अभियान चलाया गया। यहां छह मोटरसाइकिलों पर लदा करीब 2.45 टन अवैध कोयला बरामद हुआ। कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों और कोयले को आवश्यक प्रक्रिया के लिए सुरक्षित किया गया।
एमएमडीआर एक्ट के तहत होगी कानूनी कार्रवाई
सीआईएसएफ के अनुसार जब्त कोयले का वजन कराने के बाद एमएमडीआर एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, संतोष कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी और अन्य बल सदस्य शामिल रहे।
