Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र में सतर्कता जागरूकता सप्ताह (VAW-2026) के तहत चल रहे तीन माह के प्रिवेंटिव विजिलेंस अभियान के अंतर्गत 11 सितंबर को प्रोजेक्ट्स सम्मेलन कक्ष में साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सतर्कता विभाग ने सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया।

डेटा सुरक्षा और डिजिटल खतरों पर जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य दैनिक कार्यों में डेटा सुरक्षा को मजबूत करना और अधिकारियों को बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना रहा। सत्र में अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं), मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ, प्रोजेक्ट्स प्रभाग के मुख्य महाप्रबंधक समेत सतर्कता और परियोजना विभाग के 47 अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों को दिलाई गई सत्यनिष्ठा शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) ने सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को सत्यनिष्ठा शपथ दिलाकर की। इसके बाद सीएंडआईटी विभाग के प्रशिक्षकों, वरिष्ठ प्रबंधक और उप प्रबंधक ने संयंत्र में लागू साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी साझा की।

साइबर स्वच्छता के बताए व्यावहारिक उपाय
तकनीकी सत्र में एंटरप्राइज डेटा की सुरक्षा, जरूरी साइबर हाइजीन प्रोटोकॉल तथा कार्यालयीन कार्यों के दौरान डिजिटल खतरों और मैलवेयर से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। सत्र का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) ने किया। अधिकारियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर खतरों के प्रति सतर्क रहने पर विशेष जोर दिया गया।
