Bokaro: जिले में लगातार सामने आ रही अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण की शिकायतों के बीच प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सिंह के साथ जिला स्तरीय बैठक कर अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।

वल्नरेबल प्वाइंट्स पर होंगे चेकनाके
उपायुक्त ने जिले के संवेदनशील और अवैध खनन की दृष्टि से वल्नरेबल प्वाइंट्स को चिह्नित कर वहां चेकनाका स्थापित करने का निर्देश दिया। इन चेकनाकों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि बालू के अवैध खनन और परिवहन पर मौके से ही निगरानी रखी जा सके।
टास्क फोर्स सेल का होगा गठन
अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स सेल गठित करने का निर्देश भी दिया गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

शिकायत के लिए जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
उपायुक्त ने अवैध खनन और परिवहन से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने को कहा। प्राप्त शिकायतों पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसकी रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रस्तुत करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
जब्त वाहनों का नंबर स्पष्ट दर्ज होगा
जब्ती की कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इससे कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहेगी और जब्त वाहनों से संबंधित अभिलेखों का उचित संधारण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
एनजीटी की रोक अवधि में विशेष अभियान
बैठक में एनजीटी द्वारा निर्धारित रोक अवधि के दौरान बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ सख्त कार्रवाई करने और आपसी समन्वय से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा।
