Bokaro: पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के मोहनडीह स्थित बलियाबाद जंगल में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने मिट्टी में दफन 42 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। डीएसपी सिटी राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकाला। पुलिस ने मामले में मुस्तकीम (50) को हिरासत में लिया है।

चार सितंबर से लापता थी महिला
मृतका की पहचान तेतुलिया के भट्टा टोला निवासी रेहनवाली केसुवति देवी के रूप में हुई है। उसके बेटे ढुलू (25) के अनुसार, उसकी मां चार सितंबर से लापता थी। वह काम के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद बेटे ने सेक्टर-12 थाने में आवेदन देकर मां की गुमशुदगी की जानकारी दी थी।
बेटे ने जताया था मुस्तकीम पर शक
बेटे ढुलू ने पुलिस को दिए आवेदन में मुस्तकीम पर भी संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू करने के साथ ही संदिग्ध मुस्तकीम से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

जंगल ले जाकर गला दबाने का आरोप
डीएसपी सिटी राजीव रंजन के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला को सात सितंबर को जंगल ले गया था। वहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जमीन में दफना दिया।
निशानदेही पर बरामद हुआ शव
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम बलियाबाद जंगल पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मिट्टी खोदकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक सड़-गल चुका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
महिला की हत्या आखिर क्यों की गई, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह, घटना की पूरी परिस्थितियों और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
