Bokaro: चीरा चास थाना क्षेत्र की नवीन को-ऑपरेटिव कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरों ने झारखंड पुलिस के सब-इंस्पेक्टर शंकर प्रसाद के आवास को निशाना बनाया। जसीडीह में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर के घर से चोर 25 हजार रुपये नकद और चांदी का एक कंगन चोरी कर फरार हो गए। घर के सदस्यों के जाग जाने के बाद चोर मौके से भाग निकले।

पीछे की खिड़की खोलकर घर में घुसे चोर
परिजनों के अनुसार, चोर घर के पीछे की खिड़की खोलकर अंदर दाखिल हुए थे। वे चोरी की घटना को अंजाम दे ही रहे थे कि घर के सदस्यों की नींद खुल गई। इसके बाद चोर भाग निकले। सामान की जांच करने पर 25 हजार रुपये और चांदी का एक कंगन गायब मिला।
CCTV में दिखे छह संदिग्ध युवक
घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थानेदार रवि नारायण झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आवास का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज में छह संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास
पुलिस के अनुसार, चोरों ने कॉलोनी के निवासी अवधेश और उमेश के घरों में भी घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, घरवालों के जाग जाने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी के पहुंचने पर बदमाश कॉलोनी में ही छिप गए।
पेट्रोलिंग पार्टी के जाते ही बनाया तीसरे घर को निशाना
बताया गया कि पेट्रोलिंग पार्टी के इलाके से आगे निकलने के बाद चोरों ने शंकर प्रसाद के आवास को निशाना बनाया। पीछे की खिड़की खोलकर वे घर में घुसे और नकदी व चांदी का कंगन लेकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज में नजर आ रहे छह संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है।
पुलिस का दावा, जल्द होगी गिरफ्तारी
थानेदार रवि नारायण झा ने कहा, “एक घर में चोरी की घटना हुई है। लगातार पेट्रोलिंग पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
