Bokaro: गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस (GGSESTC), चास में रविवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए ओपन काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें कुल 687 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 650 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न पाठ्यक्रमों में औपबंधिक चयन किया गया।

कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया
काउंसलिंग के दौरान B.Tech (Regular एवं Lateral Entry), Diploma (Regular एवं Lateral Entry), MBA, BBA और BCA सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में औपबंधिक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सुविधाओं और करियर संभावनाओं की जानकारी दी गई।
DTE प्रतिनिधि ने की प्रक्रिया की निगरानी
DTE, रांची के सरकारी प्रतिनिधि के रूप में राजकीय पॉलिटेक्निक, खुतरी के व्याख्याता गनौरी दास उपस्थित रहे। उन्होंने काउंसलिंग प्रक्रिया की निगरानी करते हुए विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर निदेशक का जोर
संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन को बेहतर करियर की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि GGSESTC NAAC B++ प्रत्यायित संस्थान है और विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि संस्थान के विद्यार्थियों का 45 राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के लिए चयन हो चुका है।
लक्ष्य और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश
GGES के सचिव एस. पी. सिंह और अध्यक्ष तरसेम सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
तकनीकी शिक्षा के प्रति बढ़ा रुझान
687 विद्यार्थियों की भागीदारी और 650 से अधिक औपबंधिक चयन से क्षेत्र में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति बढ़ते रुझान का संकेत मिला। काउंसलिंग के सफल आयोजन में संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
