Bokaro: सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के गेट के समीप हुई। वारदात के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

पीड़िता की पहचान चास के खेदाडीह निवासी स्व. राजा रामचंद्र चौधरी की पत्नी नूनी बाला देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने बेटे नारायण चौधरी के साथ टेंपो से उतरकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मौका पाकर महिला के गले से चेन झपट ली।
चेन झपटते ही दोनों बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर सेक्टर-4 की ओर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

डीएसपी और थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी राजीव रंजन और सेक्टर-4 थाना इंस्पेक्टर संजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद महिला अपने बेटे के साथ वहां से चली गई।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चेन झपटमारी की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। इससे एक दिन पहले ही चास थाना क्षेत्र में भी एक महिला से चेन झपटमारी की घटना सामने आई थी।
