Bokaro : सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के उकरीद मोड़ के पास गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतक की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी उत्तरी भाग निवासी सुनील वर्मा के रूप में हुई है। घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में चल रहा है।

मृतक के बेटे मनोज कुमार वर्मा ने 18 सितंबर को BGH अस्पताल में पुलिस के समक्ष दिए फर्दबयान में घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार, 17 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उनके पिता सुनील वर्मा हाइवा से गांव के कुछ लोगों को लेकर सेक्टर-4 में विश्वकर्मा पूजा मेला देखने आए थे।
उकरीद मोड़ के पास हुआ हादसा
मनोज ने पुलिस को बताया कि मेला देखकर वापस लौटने के दौरान जब ऑटो उकरीद मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही काले रंग की Kia Sonet ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया। फर्दबयान के मुताबिक, हादसे में सुनील वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए BGH में भर्ती कराया गया है।

चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
मनोज ने आरोप लगाया कि Sonet चालक रोहित कच्छप, उम्र करीब 20 वर्ष, सेक्टर-12 के निवासी, वाहन को तेज और लापरवाही से चला रहा था। इसी वजह से उसने पीछे से ऑटो में टक्कर मार दी। मनोज ने पुलिस से कहा कि उनके पिता की मौत वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुई है। फर्दबयान को आगे की कार्रवाई के लिए सेक्टर-12 थाना प्रभारी को भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
