Bokaro: कुमारदागा पंचायत के रानीचिड़का गांव में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर उपायुक्त अजय नाथ झा शुक्रवार को गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया।

गंवई बराज से जलापूर्ति की योजना पर पहल
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के चापाकलों से मिलने वाले पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं है, जिससे स्वच्छ पेयजल को लेकर परेशानी होती है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने गंवई बराज से गांव में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था स्थापित करने की संभावनाओं पर काम करने का निर्देश दिया।
जल जीवन मिशन नहीं तो डीएमएफटी से होगा प्रयास
उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को गंवई बराज से पेयजल आपूर्ति की योजना का प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन से योजना संभव नहीं होने पर डीएमएफटी मद से स्वीकृति की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

जर्जर विद्यालय भवन की होगी जांच
ग्रामीणों ने गांव के जर्जर विद्यालय भवन की समस्या भी रखी। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। रिपोर्ट के आधार पर भवन की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई होगी।
पंचायत सचिवालय का भी किया निरीक्षण
उपायुक्त ने कुमारदागा पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा पंचायत सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, चास बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।
