Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सतर्कता विभाग की ओर से ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और साइबर सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में बीजीएच नर्सिंग कॉलेज में भाषण प्रतियोगिता और मानव संसाधन विभाग के समिति कक्ष में साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता पर प्रशिक्षण-सह-जागरूकता सत्र हुआ।

21 नर्सिंग छात्राओं ने लिया हिस्सा
बीजीएच नर्सिंग कॉलेज में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 21 छात्राओं ने हिंदी और अंग्रेजी वर्ग में भाग लिया। छात्राओं ने सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और सतर्कता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं), मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ समेत चिकित्सक, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विजेता छात्राओं को किया जाएगा पुरस्कृत
अंग्रेजी वर्ग में प्रेरणा प्रथम, स्नेहा निधि द्वितीय, कुमारी गार्गी तृतीय और ऋषिका को सांत्वना पुरस्कार मिला। हिंदी वर्ग में श्रुति प्रिया प्रथम, प्रियंका द्वितीय, विद्या भूषण तृतीय और ईशा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। सभी विजेताओं को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

साइबर सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
मानव संसाधन विभाग के समिति कक्ष में सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) ने सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया।
फिशिंग और संदिग्ध लिंक से बचाव की जानकारी
तकनीकी सत्र में अधिकारियों को साइबर हमले, फिशिंग, संदिग्ध ई-मेल व लिंक, पासवर्ड जोखिम और डेटा सुरक्षा से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। संदिग्ध साइबर गतिविधि की तत्काल सूचना देने और साइबर स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
