Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने अगस्त 2026 में उत्पादन, बिक्री और वित्तीय प्रबंधन के मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने अगस्त में हॉट मेटल, क्रूड स्टील और सेलेबल स्टील का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन हासिल किया। वहीं कुल बिक्री में सालाना आधार पर 13% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अगस्त में SAIL का क्रूड स्टील उत्पादन 8% बढ़कर 1.68 मिलियन टन पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 1.55 मिलियन टन था। हॉट मेटल का उत्पादन 9% बढ़कर 1.78 मिलियन टन और सेलेबल स्टील का उत्पादन 1% बढ़कर 1.69 मिलियन टन रहा। तीनों श्रेणियों में यह अगस्त महीने का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
कंपनी की कुल बिक्री अगस्त में 1.871 मिलियन टन रही, जो पिछले वर्ष के 1.654 मिलियन टन के मुकाबले 13% अधिक है। टियर-1 और टियर-2 रिटेल चैनलों में मांग मजबूत रहने से बिक्री को गति मिली। इस दौरान कंपनी के कैश कलेक्शन में भी सालाना आधार पर 23% की वृद्धि दर्ज की गई।

वैल्यू एडेड स्टील की बिक्री में भी रिकॉर्ड
SAIL ने कोल्ड रोल्ड, गैल्वेनाइज्ड और अलॉय स्टील समेत कई वैल्यू एडेड उत्पादों की अगस्त में अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की। कंपनी के अनुसार, महीने के दौरान इन्वेंट्री में भी उल्लेखनीय कमी आई, जो आपूर्ति श्रृंखला के बेहतर समन्वय और बाजार में तेज डिलीवरी का संकेत है।
भारतीय रेलवे को रेल आपूर्ति अगस्त में 5% बढ़कर 1.23 लाख टन रही, जबकि पिछले साल यह 1.18 लाख टन थी। लॉन्ग रेल्स की आपूर्ति 11% बढ़कर 1.12 लाख टन पहुंच गई, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है।
वित्तीय मोर्चे पर भी कंपनी ने सुधार दर्ज किया। 31 मार्च 2026 के स्तर की तुलना में SAIL ने अपनी उधारी में ₹870 करोड़ की कमी की है।
पांच महीने में बिक्री 7.71 मिलियन टन
अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच कंपनी की संचयी बिक्री 7.71 मिलियन टन रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 5.6% अधिक है। वैश्विक बाजार में अस्थिरता के बावजूद फिनिश्ड और प्रोसेस्ड स्टील की मांग बनी रही। कंपनी ने बेहतर उत्पाद मिश्रण और मजबूत घरेलू मांग को इस प्रदर्शन का प्रमुख आधार बताया है।
SAIL के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ए.के. पंडा ने कहा कि अगस्त और अप्रैल-अगस्त की अवधि का प्रदर्शन कंपनी की परिचालन क्षमता, वाणिज्यिक वितरण और वित्तीय अनुशासन के बीच बेहतर तालमेल को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड उत्पादन, बिक्री में तेजी और अनुशासित वित्तीय प्रबंधन कंपनी के मजबूत होते आधार को रेखांकित करते हैं। विस्तार परियोजनाओं में प्रगति और बाजार में मांग को देखते हुए कंपनी अपनी वृद्धि को और तेज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
