Bokaro: सेक्टर-12 स्थित जैप-4 ग्राउंड के फायरिंग बट में पांच दिवसीय 23वीं झारखंड राज्य स्तरीय पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जैप-4 समादेष्टा ऋषव कुमार झा ने किया। प्रतियोगिता में आठ प्रक्षेत्रों की 22 टीमों के 518 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

हथियारों में दक्षता पुलिस के लिए जरूरी : समादेष्टा
समादेष्टा ऋषव कुमार झा ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और विधि-व्यवस्था ड्यूटी के बेहतर संधारण के लिए पुलिसकर्मियों का हथियार संचालन में दक्ष होना जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों को अपनी दक्षता परखने और उसमें सुधार करने का अवसर भी देती हैं।
विभिन्न हथियारों से होगा निशानेबाजी का प्रदर्शन
प्रतियोगिता में 5.56 एमएम इंसास राइफल, 9 एमएम पिस्टल, .380 रिवॉल्वर और 9 एमएम कार्बाइन से विभिन्न पोजिशनों में निशानेबाजी होगी। इसमें जैप, आईआरबी, एसआईआरबी, एसआईएसएफ, झारखंड जगुआर, सीआईडी और रेलवे में कार्यरत पुलिसकर्मी हिस्सा ले रहे हैं।

आठ प्रक्षेत्रों के प्रतिभागी दिखा रहे कौशल
प्रतियोगिता में संथाल परगना, पलामू, जैप, कोयला, दक्षिणी छोटानागपुर, कोल्हान, उत्तरी छोटानागपुर तथा मिश्रित प्रक्षेत्र की टीमें शामिल हैं। मिश्रित प्रक्षेत्र में जगुआर, रेल और सीआईडी के प्रतिभागी शामिल हैं।
ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम में राऔसुब के डीएसपी श्यामानंद मंडल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि डीएसपी मो. साजिद जफर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन और मेन्स एसोसिएशन के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
