Bikaro: ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में उपायुक्त अजय नाथ झा ने लुगुबुरु घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों, आयोजन समिति एवं टीटीपीएस प्रबंधन के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

22 से 24 नवंबर तक होगा तीन दिवसीय महोत्सव
लुगुबुरु घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा। उपायुक्त ने पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं और सामने आई समस्याओं की समीक्षा करते हुए इस बार बेहतर समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करने को कहा। परिसर एवं आसपास रंग-रोगन, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य 18 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में मुख्य पार्किंग भरने की स्थिति में वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था, अलग-अलग सेक्टर में पार्किंग विभाजन, प्रवेश-निकास के लिए अलग मार्ग और पर्याप्त साइनेज लगाने पर जोर दिया गया। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड से महोत्सव स्थल तक श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने को भी कहा गया।

पहाड़ी मार्गों पर रोशनी और बैरिकेडिंग
धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों पर स्वच्छता, प्रकाश और आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग तथा फिसलन वाले रास्तों को सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। खराब सोलर लाइटों की मरम्मत और महोत्सव परिसर से मुरपा तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य, पेयजल और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर
महोत्सव स्थल एवं पहाड़ी मार्गों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, स्ट्रेचर और आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय और 24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, महोत्सव परिसर की दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया जाएगा।
सीसीटीवी, ड्रोन और संचार व्यवस्था होगी सुदृढ़
महोत्सव के दौरान स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। विभागों, पुलिस, स्वास्थ्य टीम और आयोजन समिति के बीच त्वरित समन्वय के लिए वॉकी-टॉकी सहित आवश्यक संचार संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं के लिए तैयार होगा समन्वित रोडमैप
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पेयजल, भोजन, पार्किंग और शौचालय समेत सभी सुविधाओं की जानकारी वाला समन्वित रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर सूचना पट एवं मानचित्र लगाने की बात कही गई।
