Bokaro: बोकारो में अपराध नियंत्रण और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने देर रात विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर 26/27 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि पुलिस उपाधीक्षक, नगर ने नगर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।

सेक्टर-4, सेक्टर-6 और बीएस सिटी थाना क्षेत्र में जांच
पुलिस उपाधीक्षक, नगर ने सेक्टर-04 थाना, सेक्टर-06 थाना एवं बीएस सिटी थाना क्षेत्र में तैनात रात्रिकालीन गश्ती दलों और रक्षक राइडर का निरीक्षण किया। इस दौरान गश्ती पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की उपस्थिति, गश्ती व्यवस्था और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की जानकारी ली गई।
गश्ती दलों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन गश्ती को और प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एंटी क्राइम चेकिंग भी चलाया। इस क्रम में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। विभिन्न वाहनों के कागजात समेत अन्य आवश्यक बिंदुओं की भी जांच की गई।
सड़क सुरक्षा के लिए ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग
सड़क दुर्घटनाओं और शराब के नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान भी चलाया गया। वाहन चालकों की जांच करते हुए पुलिस ने रात्रिकालीन यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी।
