Bokaro: बोकारो समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में SIR-2026 को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रखंड स्तर पर बनेंगे हेल्प सेंटर
बैठक में मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर हेल्प सेंटर स्थापित करने का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार एक से अधिक हेल्प सेंटर भी बनाए जा सकेंगे। यहां नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन मिलेगा।

बीएलओ करेंगे घर-घर संपर्क
डीईओ-सह-डीसी ने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और दस्तावेजों की कमी सहित अन्य समस्याओं की जानकारी लेने का निर्देश दिया। प्राप्त मामलों को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एईआरओ करेंगे क्षेत्र भ्रमण
एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ को दोपहर बाद क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान घर-घर संपर्क, प्राप्त प्रपत्रों और नागरिकों की समस्याओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
समस्याग्रस्त क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर
जिन क्षेत्रों में SIR-2026 से संबंधित अधिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं, वहां विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों को प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ समस्याओं के समाधान में सहयोग किया जाएगा।
राजनीतिक दल और मीडिया के साथ होगी बैठक
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को राजनीतिक दलों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में SIR-2026 की प्रक्रिया की जानकारी साझा करने और सुझाव लेने पर जोर दिया गया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
