Bokaro: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो दर्जन से अधिक ज्वेलरी दुकानों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

CCTV और अलार्म सिस्टम की ली जानकारी
पुलिस टीम ने दुकानों में लगे CCTV कैमरे, अलार्म सिस्टम, प्रवेश और निकास व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही दुकानों के आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त करने की सलाह दी।
दुकानदारों को सतर्क रहने का निर्देश
थाना प्रभारी संजय कुमार ने दुकानदारों को CCTV कैमरे हमेशा चालू रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। दुकान बंद करते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा कीमती आभूषणों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानी अपनाने को कहा गया।

संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करें। पुलिस के अनुसार अपराध पर अंकुश लगाने और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
